कानपुर, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश ने बृहस्पतिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए का मुकाबला ड्रॉ होने के बाद पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए जबकि बड़ौदा को एक अंक से संतोष करना पड़ा।
आठ विकेट पर 455 रन से आगे खेलने उतरे उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 492 रन बनाए। इस तरह उसने पहली पारी के आधार पर 137 रन की बढ़त हासिल की। बड़ौदा ने पहली पारी में 355 रन बनाए थे।
बड़ौदा ने दूसरी पारी में 76 ओवर में छह विकेट पर 169 रन बनाए। कप्तान अतीत शेठ (62 गेंद पर नाबाद 40) और महेश पिथिया (नाबाद 14) ने आखिरी दिन बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया।
मेहमान टीम का स्कोर एक समय छह विकेट पर 115 रन था। इसके बाद शेठ और पिथिया ने सातवें विकेट के लिए 54 रन की अटूट साझेदारी करके उत्तर प्रदेश को और विकेट हासिल करने से रोक दिया।
इससे पहले आदर्श सिंह (162) और माधव कौशिक (137) के शानदार शतकों की मदद से उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया।
उत्तर प्रदेश इस मैच से मिले तीन अंक के साथ ग्रुप ए में 19 अंक लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वह बड़ौदा (18 अंक) से एक अंक आगे और शीर्ष पर काबिज विदर्भ से सात अंक पीछे है।
विदर्भ ने बुधवार को मध्य प्रदेश को पारी और 20 रन से हराकर तीन दिन के भीतर मुकाबला समाप्त कर दिया था।
जम्मू-कश्मीर ने पुडुचेरी के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। दोनों टीम के बीच मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दूसरी पारी में पुडुचेरी ने 65 ओवर में छह विकेट पर 269 रन बनाए। अमन खान 52 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि अंकित शर्मा ने 62 रन का योगदान दिया।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर ने पुडुचेरी के पहली पारी के 385 रन के जवाब में छह विकेट पर 555 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। उसकी ओर से शुभम खजूरिया ने 330 गेंद पर 190 रन की शानदार पारी खेली। कामरान इकबाल ने भी 160 रन बनाए जबकि कवलप्रीत सिंह ने 70 रन का योगदान दिया।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता