आइजोल, पांच नवंबर (भाषा) मिजोरम के राज्यपाल के आधिकारिक आवास लोकभवन पर ड्यूटी के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 31 वर्षीय एक जवान ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सुधीर स्वामी के रूप में हुई है। वह लोक भवन के गेट-2 पर ड्यूटी पर तैनात था और उसने कथित तौर पर पूर्वाह्न 10 बजे खुद को गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
उसने बताया कि स्वामी के शव को आइजोल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को स्वामी के पार्थिव शरीर को राजस्थान के जयपुर जिले में उनके पैतृक निवास ले जाए जाने की उम्मीद है।
उसने बताया कि आइजोल पुलिस थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाने के लिए की जा रही जांच के तहत, पुलिस ने सर्विस राइफल और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
स्वामी 2023 में सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था और मौजूदा समय में 225वीं बटालियन की ‘एफ’ कंपनी में तैनात था। वह पिछले एक साल से मिजोरम में कार्यरत था।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश