Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

नागवासवाला के चार विकेट, गुजरात ने केरल को पारी से हराया

अहमदाबाद, पांच नवंबर (भाषा) अर्जन नागवासवाला (24 रन देकर चार विकेट) की मदद से गुजरात ने बृहस्पतिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के चौथे और आखिरी दिन केरल को पारी और 64 रन से करारी शिकस्त दी।

इस जीत से गुजरात अंक तालिका में बंगाल के पीछे तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

फॉलोऑन मिलने के बाद एक विकेट पर 41 रन से आगे खेलने उतरी केरल की टीम ने 150 रन के भीतर अपने बाकी नौ विकेट गंवा दिए। पूरी टीम 88 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। अभिषेक नायर बीती रात के 29 रन के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर सके और नागवासवाला का शिकार बने।

सचिन बेबी ने संयम से खेलते हुए 182 गेंद में 52 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला और गुजरात ने उनकी पारी समेट दी।

नागवासवाला ने पारी के अंत में दो विकेट चटकाए, उन्होंने एमडी निधीश और नेदुमंकुझी बेसिल को आउट कर चार विकेट लिए। चिंतन गजा, सिद्धार्थ देसाई और अमित देसाई ने एक एक विकेट लिया जबकि सिद्धार्थ ने दो विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले गुजरात ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 534 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में केरल की टीम अपनी पहली पारी में 279 रन पर सिमट गई जिससे गुजरात को 255 रनों की बढ़त मिल गई।

उर्विल पटेल को नाबाद 210 रन (प्रथम श्रेणी में उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर) की पारी खेलने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया जबकि विशाल जयसवाल ने 77 रन का योगदान दिया।

अब लाल गेंद के सत्र में कुछ समय के लिए ब्रेक रहेगा और गोवा में होने वाली आईपीएल मिनी नीलामी से पहले 14 नवंबर से अलग-अलग स्थानों पर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी शुरू होगी।

रणजी ट्रॉफी के पांचवें दौर के मुकाबले अगले साल 17 जनवरी से फिर शुरू होंगे।

वहीं दिल्ली ने सेना के खिलाफ ड्रॉ रहे मुकाबले में तीन अंक हासिल किए। रजत पालीवाल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दोनों पारियों में शतक लगाए।

दिल्ली को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले। जिससे उसके चार मैचों में सात अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर है।

पालीवाल ने पहली पारी में नाबाद 111 रन और दूसरी पारी में 116 रन बनाए।

सेना ने अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए और दिल्ली को 344 रन पर ऑलआउट किया। दिल्ली ने 78 रन की बढ़त हासिल की।

सेना ने अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 397 रन बनाकर घोषित कर दी। इसमें पालीवाल के शतक और मोहित अहलावत की 142 रनों की आक्रामक पारी का अहम योगदान रहा।

फिर 320 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यश धुल ने 104 गेंदों पर नाबाद 104 रन बनाए जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल थे। सेना (दो अंक) को एक और अंक मिला।

वहीं झारखंड और ओडिशा को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। मैच के आखिरी दिन झारखंड के आठ विकेट पर 433 रन की घोषित पारी के जवाब में मेजबान ओडिशा ने सात विकेट पर 280 रन बनाए।

ओडिशा की पारी पूरी नहीं हो सकी इसलिए झारखंड को पहली पारी की बढ़त नहीं मिल पाई। इससे वह अतिरिक्त दो अंक हासिल करने से चूक गई। इस तरह दोनों टीम को एक-एक अंक मिला।

आदित्य सिंह को 104 रन की पारी खेलने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर