Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

बिहार: तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सम्राट सरकार पर साधा निशाना, पुलिस को बताया ‘शिकारी’

दरभंगा, पांच नवंबर (भाषा) बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बृहस्पतिवार को सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि पुलिस अब रक्षक के बजाय ‘शिकारी’ बन गई है।

तेजस्वी ने मधुबनी जाने के दौरान दरभंगा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में राज्य सरकार पर सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) की कथित गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत के मामले का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

मंगलवार को मधुबनी जिले में एक एएसआई ने अपनी सरकारी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली चला दी थी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे।

तेजस्वी ने कहा कि राज्य में स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोग अपनी सुरक्षा खुद करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “बिहार के अक्षम और अपराधों से दागदार मुख्यमंत्री को जनहित में गांवों और सड़कों पर चेतावनी बोर्ड लगवा देने चाहिए, जिन पर लिखा हो कि लोग अपनी सुरक्षा के लिए खुद जिम्मेदार हैं। दमनकारी बिहार पुलिस से न्याय मांगने वाले ऐसा अपने जोखिम पर करें, क्योंकि सात हत्या के मामलों का सामना कर रहे मुख्यमंत्री के सत्ता संभालने के बाद पुलिस बल का चरित्र पूरी तरह आपराधिक हो गया है।”

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की हालिया ‘क्राइम और अपराध’ संबंधी टिप्पणी का भी मजाक उड़ाया।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री इसका उदाहरण हैं। उन्हें क्राइम और अपराध के बीच का अंतर तक नहीं पता है। यह हास्यास्पद है।’‘

तेजस्वी ने राजग की ओर से निकाली जा रही पदयात्रा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह ‘वोट चोरी’ में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश है।

उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी ऐसे लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र