नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लि. का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 66.90 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि एक साल समान तिमाही में कंपनी को 46.86 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
सिग्नेचर ग्लोबल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय दोगुना से अधिक होकर 870.70 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 372.51 करोड़ रुपये थी।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 50.37 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले इसी अवधि में उसे 12.42 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
वहीं कुल आय चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-सितंबर में बढ़कर 1,482.42 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,270.86 करोड़ रुपये थी।
सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन और पूर्णकालिक निदेशक प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान हमारा प्रदर्शन हमारे कारोबारी मॉडल की मजबूती और सिग्नेचर ग्लोबल ब्रांड पर घर खरीदारों के लगातार बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गुरुग्राम में गुणवत्तापूर्ण आवास की मांग बनी हुई है। टोनिनो लैंबॉर्गिनी रेजिडेंस सहित हमारी सुनियोजित आवासीय परियोजनाओं को बाजार से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इससे हमें अपनी संपत्तियों की बिक्री से होने वाली आय बढ़ाने और प्रीमियम आवासीय क्षेत्र में अपनी ब्रांड स्थिति मजबूत करने में मदद मिली है।’’
भाषा रमण अजय
अजय