नागपुर (महाराष्ट्र), पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कभी देश में आपातकाल लगा चुकी कांग्रेस अब अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन मतदाता उस पर कभी भरोसा नहीं करेंगे।
यहां भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' मार्च को संबोधित करते हुए, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चर्चा करते समय मल्लिकार्जुन खरगे जैसे कांग्रेस नेताओं द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा पर भी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप चाहे कितनी भी ताकत लगा लें, लोगों को कितना भी गुमराह करें या झूठ बोलें, या लोकतांत्रिक संस्थाओं पर चाहे कितना भी हमला करें, फिर भी इस देश की जनता आपको वोट नहीं देगी... जब भी कांग्रेस जीतती है, तो इस देश की जनता आखिरकार उसे सत्ता से बाहर कर देती है।’’
आपातकाल को याद करते हुए गडकरी ने कहा कि उस दौरान कांग्रेस पार्टी ने ‘‘लोगों के मौलिक अधिकारों को छीनने का पाप किया था।’’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत लोगों को जेल में डाल दिया गया था और कई लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पाबंदियां लगा दी गई थीं।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अब वही कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा करने की बात करती है। वह देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेता जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उन्हें शोभा नहीं देती। खरगे जैसे नेता प्रधानमंत्री मोदी के पिता के बारे में बात कर रहे हैं। वे बौखला गए हैं क्योंकि जनता ने बार-बार कांग्रेस को नकारा है और पार्टी लगातार चुनाव हारती आ रही है।’’
गडकरी ने कहा कि कांग्रेस नेता हताशा में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल निर्वाचन आयोग की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है और संसद को काम करने से रोक रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद बहस करने और अपने विचार रखने के लिए होती है, लेकिन बार-बार इसकी कार्यवाही में बाधा डालकर कांग्रेस ने दिखा दिया है कि उसके मन में संसद के प्रति कोई सम्मान नहीं है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश