नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) मीडिया कंपनी एचटी मीडिया लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 39.41 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने बीते वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 19.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
एचटी मीडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 2.5 प्रतिशत बढ़कर 441.59 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी की चेयरपर्सन एवं संपादकीय निदेशक शोभना भरतीया ने कहा, ''चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी ने पहली तिमाही में हासिल की गई बढ़त को बरकरार रखा और बेहतर लाभप्रदता के साथ एकीकृत राजस्व में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की। ''
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च मामूली घटकर 447.33 करोड़ रुपये रह गया।
समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के मुद्रण एवं प्रकाशन से कंपनी का राजस्व 8.19 प्रतिशत बढ़कर 385.75 करोड़ रुपये हो गया।
भरतीया ने कहा, ''मुद्रित प्रकाशन कारोबार कंपनी के प्रदर्शन का प्रमुख आधार बना रहा। हमारे अंग्रेजी और हिंदी दोनों समाचार पत्रों में विज्ञापन से होने वाला राजस्व सालाना आधार पर बढ़ा।''
उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच रुपये में गिरावट के कारण बढ़ी अखबारी कागज की लागत ने लाभ के मार्जिन पर कुछ दबाव डाला है। आने वाली तिमाहियों में भी ये कारक महत्वपूर्ण बने रहेंगे।
कंपनी के रेडियो प्रसारण एवं मनोरंजन कारोबार का राजस्व 22.7 प्रतिशत घटकर 24.88 करोड़ रुपये रह गया।
इसी तरह, कंपनी के डिजिटल कारोबार का राजस्व सालाना आधार पर 29.9 प्रतिशत घटकर 28.23 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, इस खंड के राजस्व और लाभप्रदता में पिछली तिमाही के मुकाबले मामूली सुधार हुआ।
भाषा योगेश अजय
अजय