Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे से पहले मुख्यमंत्री धामी ने तैयारियों का जायजा लिया

देहरादून, पांच नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को यहां परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये।

धामी ने कहा, ‘‘कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।’’

उन्होंने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, ताकि आम जनता को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।

धामी ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले, अमित शाह उत्तराखंड में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल जिले में इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद तीन नवंबर को उन्होंने ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक जनसभा को संबोधित किया था।

प्रदेश भाजपा इकाई ने कहा कि शाह की जनसभा ‘‘अभूतपूर्व’’ होगी क्योंकि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में इसे लेकर भारी उत्साह है।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा, ‘‘अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिलों में उत्तराखंड का विशेष स्थान है। वे अक्सर राज्य का दौरा करते हैं और इसके विकास तथा निवासियों के कल्याण में योगदान देते हैं। हाल में हरिद्वार दौरे के दौरान उनके कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे। इसी तरह, कल होने वाली जनसभा में लगभग 35,000 से 40,000 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।’’

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश