Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 प्रतिशत चढ़ा

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड के शेयर ने बृहस्पतिवार को शानदार शुरुआत की और अपने 82 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 16 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 12.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 92.02 रुपये पर कारोबार शुरू किया। कारोबार के दौरान यह 17.82 प्रतिशत चढ़कर 96.62 रुपये तक पहुंच गया। अंत में शेयर 94.61 रुपये पर बंद हुआ। यह निर्गम मूल्य से 15.38 प्रतिशत की बढ़त है।

वहीं, एनएसई पर शेयर 10.97 प्रतिशत चढ़कर 91 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। अंत में यह 94.81 रुपये पर बंद हुआ, जो 15.62 प्रतिशत की बढ़त है।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 594.38 करोड़ रुपये रहा।

बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 60.77 गुना अभिदान मिला था।

कंपनी के 183 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के लिए प्रति शेयर 78 से 82 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया था।

आईपीओ पूरी तरह नए शेयर का निर्गम था।

इससे प्राप्त राशि में से 125 करोड़ रुपये कुछ कर्जों का समय से पहले भुगतान करने के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 15.7 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सीमेंस फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ मौजूदा पट्टा व्यवस्था के तहत पूंजीगत उपकरणों के अधिग्रहण की लागत चुकाने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

कंपनी टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं, घरेलू उपकरणों, वाहन, बिजली उपकरण तथा बुनियादी ढांचा सहित विभिन्न क्षेत्रों में मूल उपकरण विनिर्माताओं और मूल डिजाइन विनिर्माताओं को सेवाएं देती है।

भाषा यासिर अजय

अजय