इंदौर, पांच नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में लोकायुक्त पुलिस ने बृहस्पतिवार को महिला और बाल विकास विभाग के दो अधिकारियों को एक पद पर नियुक्ति के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दिनेशचंद पटेल ने शिकायत के हवाले से बताया,‘‘बड़ौद में पदस्थ परियोजना अधिकारी भगत सिंह चौहान और सुपरवाइजर जयश्री खींची ने सहायिका पद पर बहादुर लोहार नामक व्यक्ति की पत्नी की नियुक्ति के बदले उनसे 80,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। हालांकि, बाद में वे 60,000 रुपये लेने पर सहमत हो गए थे।’’
पटेल ने बताया कि लोहार की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाया।
उन्होंने बताया कि सुपरवाइजर ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 30,000 रुपये अपने घर में लिए और बाद में यह रकम परियोजना अधिकारी को उसके दफ्तर में दे दी।
डीएसपी ने बताया कि घूस लेते रंगे हाथों पकड़े गए दोनों सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र