अयोध्या, पांच नवंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन सात नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव समारोह का उद्घाटन कर सकते हैं।
उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका अयोध्या का पहला दौरा होगा।
अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उपराष्ट्रपति के दीपोत्सव समारोह में शामिल होने की संभावना है, हालांकि उनका आधिकारिक कार्यक्रम अभी स्थानीय प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, राधाकृष्णन राम मंदिर में पहला दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बजाय उपराष्ट्रपति रामकथा पार्क में आयोजित भगवान राम और माता सीता के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक समारोह में महर्षि वशिष्ठ की भूमिका निभाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मौजूद रहने की संभावना है।
सूत्रों ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीपक जलाए जाएंगे।
इसके अलावा अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, कुंडों और सार्वजनिक स्थलों पर तीन लाख अतिरिक्त दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।
इस तरह पूरे शहर में कुल 33 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य लेजर शो, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा गुप्तार घाट, सूर्यकुंड और दशरथ समाधि स्थल को विशेष रूप से सजाया और रोशन किया जाएगा। दीपोत्सव के दसवें संस्करण को भव्य बनाने के लिए अयोध्या में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र