Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

उत्तरकाशी में कार भागीरथी नदी में गिरी, चार लोगों की मौत, दो लापता

उत्तरकाशी, पांच नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को एक कार सड़क से फिसलकर भागीरथी नदी में गिर गई, जिससे दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने बताया कि कार में सात लोग सवार थे और यह गंगानी के पास सड़क से फिसलकर नदी में गिर गई।

अधिकारियों ने बताया कि चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल 17-वर्षीय एक लड़के को बचाकर सड़क तक पहुंचाया गया। दो महिलाएं अब भी लापता हैं।

उत्तरकाशी स्थित आपातकालीन परिचालन केंद्र को सुबह सात बजे मिली जानकारी के अनुसार, भटवाड़ी तहसील के गंगानी के पास एक इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त होकर भागीरथी नदी में जा गिरी।

पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान, चिकित्सा दल के साथ एक एंबुलेंस, राजस्व विभाग के अधिकारी और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है।

जिला प्रशासन ने कार्रवाई रिपोर्ट में कहा, ‘‘घायल व्यक्ति को नदी से निकालकर ऊपर सड़क तक पहुंचाया गया है। उसे हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।’’

अधिकारियों ने बताया कि वाहन में सवार लोग गुजरात के साबरमती इलाके के निवासी थे और उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम जा रहे थे।

हादसे में मारे गए चार लोगों की पहचान गुजरात निवासी पटेल अशोकबेन (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19) और घनश्यामभाई सरवालिया (32) तथा हरिद्वार निवासी वाहन चालक सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि गुजरात निवासी 17-वर्षीय पटेल वेदांत अशोकभाई को गंभीर हालत में बचाया गया। उसे हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि लापता दोनों महिलाओं की पहचान पटेल सुदाबेन अशोकभाई (45) और पटेल किरणबेन विशालभाई (34) के रूप में हुई है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश