Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

उप्र: मुख्यमंत्री योगी ने दीपावली पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार में देने की अपील की

लखनऊ, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को दीपावली के अवसर पर लोगों से अपने प्रियजनों को ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत तैयार उत्पाद उपहार में देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इस योजना ने प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को नई पहचान दी है और राज्य के कुल निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा उद्यमियों के परिश्रम को सम्मान देने का आह्वान किया।

आदित्यनाथ ने कहा, “दीपावली का पर्व आत्मीयता, उल्लास और लोकमंगल की भावना का उत्सव है। इस अवसर पर अपने प्रियजनों को उपहार देते हुए उन हुनरमंद हाथों का भी स्मरण करें, जिनकी साधना से उत्तर प्रदेश की कला और शिल्प को विशिष्ट पहचान मिली है।”

उन्होंने कहा, “ओडीओपी योजना ने प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को नई पहचान दी है। आज प्रदेश के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत है। वहीं, 81 भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग के साथ उत्तर प्रदेश के विशिष्ट उत्पादों ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।”

मुख्यमंत्री ने लोगों से इस दीपावली ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रदेश की समृद्ध विरासत और स्थानीय कारीगरों के परिश्रम के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना चाहिए और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई शक्ति देनी चाहिए।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र