Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

मुंबई ने रेलवे को 106 रन से हराया, चौथी जीत दर्ज की

मुंबई, पांच नवंबर (भाषा) मुंबई ने बृहस्पतिवार को रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में रेलवे को 106 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की जिससे उसके कुल अंक 27 हो गए हैं।

रेलवे के सलामी बल्लेबाज ईशान गोयल (103) और सातवें नंबर के बल्लेबाज जुबैर अली (115) ने शतक लगाकर आखिरी दिन मुंबई को जीत से दूर रखने का प्रयत्न किया। लेकिन खेल के आखिरी घंटे में 42 बार की चैंपियन मुंबई ने शानदार वापसी की और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के दम पर जीत हासिल कर ली।

सरफराज खान ने एक कैच छोड़ा लेकिन एक खिलाड़ी को रन आउट भी किया। उन्होंने गजब की फुर्ती और सूझबूझ दिखाते हुए डाइव लगाकर गोयल और अली के बीच 167 रन की साझेदारी को तोड़ दिया।

गोयल ने मुशीर खान (42 रन देकर तीन विकेट) की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लग गई। भारतीय बल्लेबाज सरफराज ने तेजी से दौड़ लगाई और जश्न मनाते हुए अपने हाथ को इतनी जोर से लहराया कि मैदान पर फिजियो को भी आना पड़ गया।

फिर भारतीय ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने मिड ऑफ से दौड़कर अली का विकेट लिया जिससे मुंबई फिर से पूरी तरह हावी हो गई।

फिर तनुष कोटियान (93 रन देकर दो विकेट) ने शॉर्ट मिडविकेट पर एक हाथ से शानदार कैच लपककर आठवां विकेट लिया और जल्द ही पूरी रेलवे टीम 265 रनों पर सिमट गई।

यह सब खेल के आखिरी घंटे में हुआ जिससे मैच काफी रोमांचक रहा। गोयल और अली ने दूसरे और तीसरे सत्र के बीच कुल 156 मिनट तक मुंबई को रोके रखा। इस दौरान उन्होंने 212 गेंदों का सामना किया और छठे विकेट के लिए 167 रन जोड़े।

दिन की शुरुआत में मुंबई ने अपनी कुल बढ़त में 60 रन और जोड़े जिससे रेलवे को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला। कल के नाबाद बल्लेबाज दिव्यांश सक्सेना 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

वहीं एक अन्य मैच में पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले अजीत राम ने (48 रन देकर सात विकेट) गेंदबाजी में कमाल दिखाया जिससे तमिलनाडु ने चंडीगढ़ के खिलाफ पारी और 259 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

तमिलनाडु की सात विकेट पर 571 रन की घोषित पारी के जवाब में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में सिर्फ 94 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए चौथे दिन उनकी पूरी टीम 218 रन पर आउट हो गई।

शतक जड़ने वाले अजीत (नाबाद 115 रन) चौथे दिन गेंदबाजी में भी छाए रहे। उन्होंने तीन और विकेट लेकर कुल सात विकेट अपने नाम किए।

वहीं हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। हिमाचल को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले।

भाषा नमिता मोना

मोना