तिनसुकिया, पांच नवंबर (भाषा) असम के तिनसुकिया जिले में जादू-टोना करने के संदेह में अधेड़ उम्र की एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई, जिसके बाद तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना एक नवंबर की रात डिगबोई पुलिस थाना अंतर्गत उल्टापुल औगुरी इलाके के एक दूरदराज गांव में हुई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मामला सामने आया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों का आरोप था कि महिला जिससे भी बात करती थी, उसकी मौत हो जाती थी।
उन्होंने कहा, 'शुरुआत में इस मामले को दबाकर रखा गया था... हत्या में कथित तौर पर शामिल तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।'
उन्होंने बताया कि डिगबोई पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और असम डायन-शिकार (निषेध, रोकथाम एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि घटना में शामिल अन्य सभी लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश