नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय टेनिस दिग्गज महेश भूपति और सानिया मिर्जा ने अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) की कार्यकारी समिति में जगह बना ली है। इसके अलावा उन्हें संघ की आम सभा में उत्कृष्ट खिलाड़ी (एसओएम) प्रतिनिधियों के रूप में भी चुना गया है।
भूपति ने 23 मत हासिल किए जो कार्यकारी समिति के चुनाव में सभी उम्मीदवारों में सबसे अधिक थे जबकि सानिया को 18 मत मिले। जानकी कृष्णमूर्ति को 13 मत मिले और विशाल उप्पल ने सात मत हासिल किए।
इससे पहले भूपति और सानिया को क्रमशः 19 और 18 मत से एसओएम प्रतिनिधियों के रूप में आम सभा के लिए चुना गया था। इनके अलावा आशुतोष सिंह (17) और शालिनी ठाकुर चावला (16) को भी प्रतिनिधि के रूप में चुना गया।
मुकाबले में अन्य उम्मीदवार जानकी कृष्णमूर्ति (15), विशाल उप्पल (09), गौरव नाटेकर (08) और अंकिता भांबरी (07) थे।
भूपति और सानिया अब कार्यकारी समिति के सदस्य बन गए हैं तो वे एआईटीए चुनावों में किसी पदाधिकारी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे।
भूपति ने बृहस्पतिवार को पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि 31 एसओएम ने मतदान करने के लिए हिस्सा लिया जबकि अतीत में इनमें से किसी को भी एआईटीए से कभी कोई समर्थन नहीं मिला है। इससे पता चलता है कि वे भारत के अलग-अलग हिस्सों से आना चाहते थे। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग हमारे विचारों का समर्थन करने के लिए हांगकांग से उड़ान भरकर आए और हमारा मानना है कि हम बदलाव लाने के लिए एक ढांचा तैयार कर सकते हैं। और अब जब सानिया और मैं कार्यकारी समिति में हैं तो मुझे भरोसा है कि हम जल्द ही एक ढांचा तैयार कर सकते हैं। ’’
शालिनी ने कहा, ‘‘मैं भारतीय टेनिस के विकास में सकारात्मक योगदान देने, अपने खेल समुदाय के हितों का प्रतिनिधित्व करने और एक मजबूत भविष्य के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं। ’’
मौजूदा डेविस कप कोच आशुतोष ने भी टेनिस जगत का समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘यह सम्मान के साथ-साथ एक जिम्मेदारी भी है। मैं भारतीय टेनिस को मजबूत बनाने और हमारे खिलाड़ियों तथा कोचों के लिए बेहतर अवसर पैदा करने के लिए सभी निर्वाचित सदस्यों के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं। ’’
एआईटीए के संशोधित संविधान के अनुसार आम सभा के लिए चार प्रतिनिधियों को चुना जाएगा जिसमें दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हों। राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत तैयार की गई 40 सदस्यीय एसओएम सूची में 20 पुरुष और 20 महिला पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं।
एसओएम प्रतिनिधित्व व्यापक खेल शासन सुधारों का हिस्सा है जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रशासन में सफल खिलाड़ियों को बड़ी भूमिका देना है।
भाषा
नमिता मोना
मोना