भुवनेश्वर, पांच नवंबर (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी पर स्थित एक गांव से बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई, जबकि नौ अन्य लोग अब भी लापता हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दिन के शुरुआती घंटों में कई एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे तलाशी एवं बचाव अभियान के दौरान दो सड़ी-गली लाशें मिलीं, जबकि गिडिपाबली गांव में भी अन्य शवों का पता लगाया गया।
28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ एवं भूस्खलन में मरने वालों की कुल संख्या अब बढ़कर आठ हो गई है।
इससे पहले, सरकार ने इस आपदा में चार लोगों की मौत की पुष्टि की थी। इनमें से तीन की मौत कंधमाल जिले में और एक की गजपति जिले में हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि 28 अक्टूबर को तड़के करीब तीन बजे गंजाम-कंधमाल सीमा के पास भंजनगर प्रखंड की बैबाली पंचायत के अंतर्गत आने वाले गिडिपाबली गांव में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ था।
पहाड़ी पर बसे इस गांव के सात में से नौ घर चट्टानों, उखड़े हुए पेड़ों और मिट्टी के नीचे दब गए और पहाड़ी से पानी तेजी से नीचे की ओर बहने लगा।
हालांकि, गांव के 13 लोग वहां से निकलने में कामयाब रहे और बाद में कंधमाल जिले के एक राहत शिविर में शरण ली।
राज्य सरकार ने ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन सेवा और रेलवे सहित कई एजेंसियों की तलाशी एवं बचाव टीमों को अभियान में लगाया।
खराब मौसम के कारण बुधवार को एक दिन के लिए अभियान रोक दिया गया था।
भाषा तान्या नरेश
नरेश