गोड्डा, पांच नवंबर (भाषा) झारखंड के गोड्डा जिले में बृहस्पतिवार सुबह 12 वर्षीय एक लड़की का सिर कटा शव उसके घर के बाहर मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सघन तलाशी अभियान के बाद लड़की का सिर उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में मिला। यह घटना ललमटिया थाना क्षेत्र के डडुआ गांव में हुई।
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 'दिल दहला देने वाली' यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करती है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात लड़की अपने माता-पिता के साथ सो रही थी, तभी कुछ अज्ञात लोग घर में घुसे और कथित तौर पर उसे अपने साथ ले गए।
ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार ने कहा, ‘‘लड़की के माता-पिता और ग्रामीणों को आज सुबह घर के बाहर उसका सिर कटा शव मिला। बाद में, तलाशी अभियान के दौरान गांव के ही एक खेत से उसका सिर बरामद किया गया।’’
उन्होंने बताया कि अपराधियों ने एक धारदार हथियार का इस्तेमाल करके लड़की का सिर धड़ से अलग किया है।
कुमार ने कहा, ‘‘हत्या का कारण पता करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।’’
उन्होंने कहा कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि माता-पिता के घर पर होने के बावजूद वे लड़की को ले जाने में कैसे कामयाब रहे।
मरांडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, '12 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या दिल दहला देने वाली और भयावह घटना है। रात में माता-पिता के साथ घर में सो रही बच्ची को उठाकर उसके साथ जघन्य घटना झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करती है।'
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और सरकार की जवाबदेही कहीं नजर नहीं आती।'
पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस से हत्या के मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों की तत्काल पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
भाषा तान्या नरेश अविनाश
अविनाश