देहरादून, पांच नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2027 में होने वाले अर्धकुंभ मेले से पहले हरिद्वार के दो अस्पतालों के लिए बृहस्पतिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों की खेप रवाना की।
उन्होंने राज्य में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 59 नयी बसों को भी रवाना किया।
कृषि एवं उद्योग विकास परिषद की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत उपलब्ध कराए गए चिकित्सा उपकरण हरिद्वार के मेला अस्पताल और भूपतवाला अस्पताल के लिए हैं। इन्हें भेजने का उद्देश्य कुंभ मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
धामी ने कहा, “आगामी कुंभ मेला 2027 में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में इन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।”
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन को सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश