Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

ओएनजीसी का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 57 प्रतिशत बढ़कर 15,489 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 57 प्रतिशत बढ़कर 15,488.64 करोड़ रुपये रहा।

ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को जुलाई-सितंबर, 2026 तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की सूचना दी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 9,847.97 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

हालांकि, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के 17,033.81 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ के मुकाबले दूसरी तिमाही में कंपनी का लाभ कम रहा।

सितंबर तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 43,875.15 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 33,030.56 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने कहा कि उत्पादन लगभग स्थिर रहने के बावजूद तेल और गैस की बेहतर प्राप्ति कीमतों के कारण लाभ में वृद्धि हुई।

इस तरह, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में ओएनजीसी का शुद्ध लाभ करीब दोगुना होकर 32,522.45 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून अवधि में यह 17,872.20 करोड़ रुपये था।

पहली छमाही का लाभ पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में 32,894.02 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ के लगभग बराबर रहा।

भाषा प्रेम प्रेम योगेश

योगेश