नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली के मुख्य कोच विजय दहिया का मानना है कि कप्तान आयुष बडोनी में क्रिकेट में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की काबिलियत है, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और खुद के लिए तय किए गए मानकों को ऊंचा उठाने की जरूरत है।
बडोनी ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार मैच में 559 रन बनाए हैं जिसमें गुजरात और झारखंड के खिलाफ लगातार दो दोहरे शतक भी शामिल हैं। उनका यह प्रदर्शन ऐसे समय में आया है जब वह भारत ए टीम से बाहर किए जाने के बाद खुद को फिर से साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
सेना के खिलाफ दिल्ली के मैच के बाद दहिया ने कहा, ‘‘वह बड़ी चीजों के लिए बना है। लेकिन वह खुद को बहुत कम आंकता है। वह अपने लिए बहुत ऊंचे मानक तय नहीं करता। मैंने उसमें वे सभी खूबियां देखी हैं जो उन खिलाड़ियों में होती हैं जिन्होंने क्रिकेट में बहुत बड़ा मुकाम हासिल किया है। ’’
कोच का यह भी मानना है कि बडोनी को भारत ए टीम से बाहर किए जाने को प्रेरणा के रूप में लेना चाहिए और उन्हें अपने प्रदर्शन के जरिए इसका जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब आप भारत ए के कप्तान रह चुके हों तो टीम से बाहर होना आपको चुभना चाहिए। और फिर जब आपकी चर्चा तक नहीं हो तो यह और भी ज्यादा खटकने वाली बात है। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना