नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के रायरंगपुर में ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत विशेष चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने के लिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की बृहस्पतिवार को सराहना की।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि देशभर के उन इलाकों में, जहां चिकित्सा सुविधाएं कम हैं, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की पहल मानवीय सेवा के प्रति सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की अटूट प्रतिबद्धता और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं ने दो से चार नवंबर के बीच ‘ऑपरेशन दृष्टि’ का 12वां संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस दौरान रायरंगपुर में एक बहुत बड़ा ‘मल्टी-स्पेशियल्टी’ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 4,000 से अधिक मरीजों का इलाज किया गया और 365 लोगों की दृष्टि वापस लाने संबंधी सर्जरी की गईं।
शिविर में विशेषज्ञों की ओर से व्यापक चिकित्सा देखभाल पूरी तरह से मुफ्त प्रदान की गई, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पाईं।
मयूरभंज जिले के रायरंगपुर से ताल्लुक रखने वाली राष्ट्रपति ने कहा, “मैं ओडिशा के रायरंगपुर में ‘ऑपरेशन दृष्टि’ (एक बड़े मल्टी-स्पेशियल्टी चिकित्सा शिविर) के सफल आयोजन के लिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की तहेदिल से सराहना करती हूं। मुझे बताया गया है कि इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज किया गया और दृष्टि वापस लाने संबंधी कई सर्जरी की गईं।”
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश