Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

शिवकुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बेंगलुरु के विकास के लिए विशेष वित्तीय पैकेज मांगा

बेंगलुरु, पांच नवंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बेंगलुरु के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विशेष वित्तीय पैकेज, राज्य के लिए सूखा राहत राशि जल्द जारी करने और गन्ना किसानों की मांगों के समाधान के लिए केंद्र के हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।

शिवकुमार ने चार नवंबर को लिखे पत्र में कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर मोदी की ओर से दी गई शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया।

मोदी के नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करने के लिए कर्नाटक के प्रस्तावित दौरे से पहले शिवकुमार ने पत्र में कहा, ‘‘कर्नाटक हमेशा भारत की वृद्धि और प्रगति में अग्रणी रहा है.....हम विशेष सुविधाएं नहीं मांग रहे हैं। हम अपना उचित हिस्सा मांग कर रहे हैं।’’

बेंगलुरु के लिए केंद्र से अधिक सहायता की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों के कारण सड़कों, सार्वजनिक परिवहन और नागरिक सुविधाओं के बुनियादी ढांचे पर भारी दबाव पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भारत की वृद्धि में इतना योगदान देने वाले इस शहर को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास आवश्यक है।’’

उन्होंने इसके लिए विशेष वित्तीय पैकेज देने का अनुरोध किया।

शिवकुमार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के साथ अधिक वित्तपोषण और नए वित्तीय उपायों पर चर्चा कर रही है।

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में यातायात की समस्या कम करने के लिए उचित कीमत पर रक्षा भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी की जा रही है।

शिवकुमार ने केंद्र से मेकेदातू, कलसा-बंडूरी, ऊपरी भद्रा, ऊपरी कृष्णा और एत्तिनाहोले सहित लंबित सिंचाई परियोजनाओं के लिए मंजूरी और वित्तीय सहायता जल्द देने का भी आग्रह किया।

भाषा शफीक नरेश

नरेश