नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के पंजाबी बाग पश्चिम स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देश के प्रति डॉ. मुखर्जी के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा पैदा करने वाले फैसलों के प्रति मुखर्जी के विरोध को भी याद किया।
गुप्ता ने कहा, ''आज बहुत महत्वपूर्ण दिन है, जब यहां आदरणीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। देशभर में उनका इतना सम्मान है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।''
हालांकि, उन्हें भारत रत्न दिए जाने का कोई उल्लेख नहीं मिला।
मुख्यमंत्री ने सरकार से इस्तीफा देने के मुखर्जी के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह ऐसी सरकार का हिस्सा नहीं बने रह सकते, जो देश को बांटने के उद्देश्य से फैसले लेती हो।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश