करनाल (हरियाणा), पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपनी विदेश यात्राओं का ब्योरा लोगों के सामने रखने की मांग की और कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते जनता को इस बारे में जानने का अधिकार है।
शाह ने यहां भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में कहा, ‘‘आप (राहुल गांधी) अभी वियतनाम से लौटे हैं, लेकिन इस बारे में बात नहीं करते। पारदर्शिता होनी चाहिए... राहुल जी, कृपया अपनी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा जनता को दीजिए। आप वियतनाम में कितने दिन रहे, किससे मिले, वहां क्यों गए और आपका कार्यक्रम क्या था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप एक संवैधानिक पद पर हैं। जनता को इस बारे में जानने का अधिकार है, क्योंकि आप लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं।’’
गृह मंत्री ने गांधी से यह भी पूछा कि यदि उन्हें लगता है कि सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब हैं, तो उनकी पार्टी के विधायकों ने केरलम में उन्हीं मशीनों से चुनाव जीतने के बाद शपथ क्यों ली।
उन्होंने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश का भी उल्लेख किया, जहां कांग्रेस सत्ता में है।
शाह ने कहा, ‘‘राहुल जी, उत्तर प्रदेश में एक कहावत है - ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’। देश की जनता अब आपको स्वीकार नहीं करती, इसे मान लीजिए।’’
उन्होंने यह भी कहा कि लोग सोच रहे हैं कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा सड़कों पर होनी चाहिए या संसद में।
शाह ने कहा, ‘‘राहुल जी, अगर आपको सड़कों पर चर्चा करने का इतना शौक है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। आप (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी से बहस करने के लिए कहते हैं ... मोदी जी को छोड़िए। हरियाणा में किसी चौराहे को चुन लीजिए, हमारा युवा मोर्चा अध्यक्ष आपसे बहस करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप जिम्मेदार और सार्थक चर्चा करना चाहते हैं, तो आइए संसद में बहस करिये। लेकिन मुझे पता है कि आप ऐसा नहीं करेंगे और हमेशा की तरह भाग जाएंगे।’’
गृह मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से हरियाणा के हर घर में जाकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया को ‘‘बदनाम करने की साजिश’’ का पर्दाफाश करने और लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बारे में सच्चाई बताने का आह्वान किया।
शाह ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग ने हर राजनीतिक दल को बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अनुमति दी थी। जब निर्वाचन आयोग एसआईआर कर रहा था, तब कांग्रेस के बीएलए क्या कर रहे थे?’’
हरियाणा कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा, ‘‘उनके बीएलए हुड्डा और सैलजा की ‘कुश्ती’ में व्यस्त थे। उन्होंने मतदाताओं की कभी मदद नहीं की।’’
शाह ने कांग्रेस शासित राज्यों में उसकी ओर से दी गई ‘गारंटी’ को लेकर भी निशाना साधा और दावा किया कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 10 गारंटी दी थीं, लेकिन उनमें से एक भी पूरी नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में मोदी जी की ओर से दी गई सभी गारंटी पूरी कर दी गई हैं और इसके लिए मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश