Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

पाकिस्तान से 28 लाख से अधिक अफगान नागरिक निर्वासित

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, पांच नवंबर (भाषा) पाकिस्तान ने 2023 से लेकर अब तक 28 लाख से अधिक अफगान नागरिकों को अफगानिस्तान निर्वासित किया है। इनमें देश के पंजाब प्रांत से निर्वासित किए गए 1.43 लाख अफगान नागरिक शामिल हैं। पंजाब सरकार के गृह विभाग की विदेशी राष्ट्रीय सुरक्षा इकाई ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इकाई ने बताया, “अब तक पूरे पाकिस्तान से कुल 28.07 लाख अफगान नागरिकों को उनके देश वापस भेजा जा चुका है, जिनमें से 1,43,474 लोगों को सितंबर 2023 के बाद से पंजाब प्रांत से निर्वासित किया गया है।”

उसने बताया कि सरकार ने पंजाब प्रांत में अवैध रूप से रह रहे अफगान नागरिकों के खिलाफ अपने अभियान को और तेज कर दिया है।

इकाई के मुताबिक, “यह अभियान संघीय सरकार की इस नीति के अनुरूप चलाया जा रहा है कि बिना वैध वीजा के किसी भी अफगान नागरिक का देश में रहना गैरकानूनी है।”

उसने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत अवैध रूप से रह रहे अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया जा रहा है और प्रांत भर में बनाए गए निरुद्ध केंद्रों में भेजा जा रहा है।

इकाई के अनुसार, फिलहाल पंजाब में 39 निरुद्ध केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। उसने बताया कि इन केंद्रों में अस्थायी आवास, पंजीकरण और स्वदेश वापसी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने पाकिस्तान से आग्रह किया है कि वह उन अफगान नागरिकों को वापस भेजना बंद करे, जिनके उत्पीड़न, यातना और मानवाधिकारों के अन्य गंभीर उल्लंघनों का सामना करने का खतरा है।

भाषा पारुल नरेश

नरेश