बेंगलुरु, पांच नवंबर (भाषा) तीन बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और मौजूदा महिला चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन 12 से 21 नवंबर तक इंदौर के यशवंत क्लब में होने वाली आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) ने बृहस्पतिवार को 22 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। टीम में 15 पुरुष और सात महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी जिसमें आठ भारतीय खिलाड़ियों को सीधे दूसरे चरण में प्रवेश मिला है।
पूर्व विश्व 6-रेड स्नूकर चैंपियन लक्ष्मण रावत और कमल चावला सहित अन्य सात भारतीय खिलाड़ी पहले चरण के दो क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। इन दोनों प्रतियोगिताओं से शीर्ष आठ खिलाड़ी अगले चरण में जगह बनाएंगे।
इंदौर में होने वाली यह प्रतियोगिता बीएसएफआई के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित किए जा रहे तीन बड़े आयोजनों में अंतिम होगी।
महासंघ ने इससे पहले अगस्त में पुणे में हेबॉल विश्व चैंपियनशिप और पिछले महीने अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल क्यू खेल चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया था।
भारतीय पुरुष टीम: पंकज आडवाणी, हुसैन खान, बृजेश दामानी, मानव चंद्रा, आदित्य मेहता, केतन चावला, सौरव कोठारी और मलकीत सिंह (सभी को दूसरे चरण में सीधे प्रवेश)। लक्ष्मण रावत, रयान रजमी, ध्वज हरिया, कमल चावला, अनुराग गिरि, पीयूष खुशवाह और ऋतिक जैन (सभी पहले चरण में हिस्सा लेंगे)।
भारतीय महिला टीम: अनुपमा रामचंद्रन, अमी कमानी, कीर्तना पांडियन, इशिका शाह, स्नेन्थ्रा बाबू, आर उमादेवी और श्रुति एल।
कोच: अशोक शांडिल्य।
भाषा सुधीर मोना
मोना