नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लंबित प्रशासनिक मामलों को निपटाने और रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत निर्धारित सभी लक्ष्यों को हासिल कर लिया है।
मंत्रालय ने बताया कि अभियान के दौरान 1.20 लाख से अधिक फाइलें हटाई गईं, कार्यालयों में 5.82 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई और कबाड़ तथा ई-कचरे के निपटान से एक करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई।
मंत्रालय के अनुसार, दो से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान 6 के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 1,62,325 कार्यालयों और संस्थानों को शामिल किया गया। इस दौरान 12,840 जन शिकायतों, 6,026 अपीलों और सांसदों से मिले 119 संदर्भों का निपटारा किया गया। साथ ही 19 नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया। कुल 1,25,114 भौतिक फाइलों की समीक्षा कर 1,20,115 हटाई गईं, जबकि 37,481 ई-फाइलों की समीक्षा के बाद 32,542 बंद की गईं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने एम्स, दिल्ली में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कर्तव्य भवन-एक में स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा कर सफाई मित्रों से बातचीत की।
मंत्रालय ने बताया कि एम्स जोधपुर और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में 'कचरे से कला' जैसी पहल की गईं। एम्स जोधपुर में प्लास्टिक के ड्रम और बोतलों से गमले तथा सजावटी वस्तुएं बनाई गईं, जिन पर तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ संदेश दिए गए।
भाषा
अविनाश
अविनाश