Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

आमिर जंगू के नाबाद 111 रन, वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत से उबरकर वापसी की

सिलहट (बांग्लादेश), पांच नवंबर (एपी) वेस्टइंडीज ने आमिर जंगू (नाबाद 111 रन) के शतक की बदौलत बृहस्पतिवार को यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शुरुआती झटकों से उबरते हुए बांग्लादेश के खिलाफ चार विकेट पर 235 रन बना लिए।

वेस्टइंडीज ने 27 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद जंगू ने पदार्पण कर रहे केविन विकहम (61 रन) के साथ 131 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।

खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने के समय जंगू के साथ जस्टिन ग्रीव्स 35 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इन दोनों ने आखिरी 19.5 ओवरों में 77 रन जोड़े।

वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह फैसला तब उल्टा पड़ता दिखा जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने शुरुआती नौ ओवरों में ही मेहमान टीम को मुश्किल में डाल दिया।

पहले टेस्ट में आठ विकेट से मिली हार के बाद बांग्लादेश ने अपनी टीम में दो बदलाव किए थे। इनमें से तास्किन अहमद और हसन महमूद ने मिलकर चार विकेट लिए।

तास्किन ने पांचवें ओवर में ब्रैंडन किंग (09) को आउट किया जबकि छठे ओवर में हसन महमूद ने कावेम हॉज (01) के विकेट बिखेर दिए।

जोशुआ डा सिल्वा कुछ मौकों पर बाल-बाल बचे लेकिन फिर तास्किन ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। इस तरह वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 27 रन हो गया।

इसके बाद जंगू ने विकहम के साथ मिलकर बांग्लादेश के आक्रामक गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना किया। जंगू ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 11 चौके और दो छक्के लगाए।

विकहम ने ऑफ-स्पिनर नईम हसन की गेंद पर एक रन लेकर 123 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन तेज गेंदबाज हसन महमूद के जाल में फंस गए। हसन ने लगातार बाउंसर फेंककर उन्हें परेशान किया और फिर उन्हें आउट कर दिया।

इससे जंगू और विकहम के बीच साझेदारी का अंत हो गया।

लेकिन जंगू ने बाएं हाथ के स्पिनर ताइजुल इस्लाम की गेंद पर छक्का जड़कर 149 गेंदों में अपना दूसरा शतक पूरा किया।

भाषा नमिता मोना

मोना