Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

राजस्थान: पंच व सरपंच चुनाव के लिए तीन बजे तक 63.61 प्रतिशत मतदान

जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के बीच अपरान्ह तीन बजे तक 63.61 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर एक बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अपरान्ह तीन बजे तक यह आंकड़ा 63.61 प्रतिशत हो गया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान बालोतरा जिले की गुड़ामालानी पंचायत समिति में सबसे अधिक 75.48 प्रतिशत, जबकि सलूंबर जिले की सलूंबर पंचायत समिति में सबसे कम 51.63 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक जारी रहेगी।

इस चरण में 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं।

मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद बृहस्पतिवार को ही मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों का मतदान 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुआ था, जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे।

उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे।

चारों चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी।

जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को कराए जाएंगे।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र