Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

बम की धमकियों के कारण यूरोप में कई उड़ानों का मार्ग बदला गया

पेरिस, पांच नवंबर (एपी) यूरोप में कई उड़ानों को बम की धमकियों के कारण मार्ग परिवर्तित किए जाने के बाद बृहस्पतिवार को आपात स्थिति में उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

फिनलैंड के प्रसारक वाईएलई के अनुसार, फिनएयर ने बताया कि हेलसिंकी से रोम जा रही उसकी उड़ान संख्या 1761 को बम की धमकी मिली थी, हालांकि विमान के इटली की राजधानी में सामान्य रूप से उतरने के बाद उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को बम की धमकियों के कारण आपात स्थिति में उतारना पड़ा। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने संवाददाताओं को बताया कि इनमें से दो उड़ानें, एक डेनमार्क के कोपेनहेगन और दूसरी स्पेन के मैड्रिड से आ रही थी, सुरक्षित रूप से सोफिया के वासिल लेवस्की हवाई अड्डे पर उतरीं।

प्लोवदिव हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रासिमिर पेशेव ने बताया कि लंदन के स्टैनस्टेड हवाई अड्डे से सोफिया जा रही तीसरी उड़ान का मार्ग बदलकर उसे बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव के हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि आयरलैंड से इटली जा रही एक उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पश्चिमी फ्रांस स्थित एक सैन्य हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।

प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के कार्यालय ने बताया कि विमान नॉरमैंडी के एव्रू स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। विमान में सवार सभी 151 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सुरक्षित हैं और सैन्य बम निरोधक दस्ते विमान की जांच कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। तत्काल इस संबंध में कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट के अनुसार, एर लिंगस की डबलिन-रोम उड़ान पेरिस के करीब पहुंच रही थी, तभी उसने अचानक अपना मार्ग बदल लिया और एव्रू की ओर बढ़ने से पहले कई चक्कर लगाए।

अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह यूरोप में कई अन्य उड़ानों को भी बम की झूठी धमकियां मिलीं, जिसके कारण विमानों की तलाशी ली गई, उनके मार्ग बदले गए और एक मामले में इतालवी वायुसेना ने विमान को उतरने तक सुरक्षा प्रदान की।

इन उड़ानों में पोलिश एयरलाइन एलओटी, स्कैंडिनेवियन एयरलाइन, विज एयर और रयानएयर के विमान शामिल थे। ये झूठी धमकियां उस घटना के एक दिन बाद मिलीं, जब बुल्गारिया जा रहे एक विमान को हवा में बम की ऐसी ही धमकी मिलने के बाद हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था। इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ।

इस तरह की धमकियां कोई नयी बात नहीं हैं, लेकिन ये ऐसे समय में सामने आई हैं जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और यूरोप में व्यवधान पैदा करने वाली घटनाओं के संकेत मिल रहे हैं। इनमें सुपरमार्केट की प्रशीतन प्रणालियों पर हमले, यूरोप में ड्रोन की घुसपैठ और चेतावनी देने वाले मोबाइल ऐप को रहस्यमय तरीके से सक्रिय किया जाना शामिल है। इस बीच प्राधिकारियों ने ‘हाइब्रिड’ खतरे लगातार बने होने को लेकर आगाह किया है।

भाषा अमित नरेश

नरेश