Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

ब्लिंकिट एम्बुलेंस के लिए आपात स्थिति न होने पर लगेगा 2,500 रुपये शुल्क : गोयल

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि आपात स्थिति न होने पर 'ब्लिंकिट एम्बुलेंस' हर यात्रा पर 2,500 रुपये शुल्क लेगी।

उन्होंने बताया कि आपात स्थिति की तुलना में नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए एम्बुलेंस सेवा की बुकिंग का हिस्सा बढ़ रहा है।

जोमैटो एवं ब्लिंकिट का संचालन करने वाली कंपनी इटर्नल के वाइस चेयरमैन गोयल ने स्पष्ट किया कि गंभीर हालत के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की सेवा पहले की तरह मुफ्त रहेगी, जबकि आपात स्थिति न होने पर यात्रा पूरी होने के बाद 2,500 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क मोटे तौर पर निजी एम्बुलेंस के शुल्क के अनुरूप है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पिछले दो वर्षों में हमने करीब 20,000 आपात स्थितियों में (कुल मिलाकर करीब 42,000 मामलों में) सेवा दी है। हमने इनमें से किसी के लिए भी एक रुपया शुल्क नहीं लिया है और हम इसे इसी तरह जारी रखना चाहते हैं। हालांकि, सब कुछ मुफ्त होने के कारण नियमित जांच, अस्पताल जाने और अस्पताल से घर पहुंचाने के लिए बुकिंग का हिस्सा बढ़ रहा है। इन यात्राओं के लिए उबर या निजी परिवहन का भी उतनी ही आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की बुकिंग के कारण सभी सुविधा से लैस एम्बुलेंस और ‘पैरामेडिक्स’ (पराचिकित्सक कर्मी) उपलब्ध नहीं हो पाते, जबकि किसी की जान बचाने के लिए उनकी जरूरत पड़ सकती है।’’

गोयल ने कहा कि आपात स्थिति न होने पर मरीजों को पहुंचाने के लिए लिया जाने वाला शुल्क ‘इटर्नल फाउंडेशन’ को जाएगा। यही संस्था इन एम्बुलेंस का संचालन करती है और इससे कंपनी को सेवा का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

भाषा निहारिका प्रेम

प्रेम