Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड: अदालत ने आरोपी आफताब को मिल रही धमकियों को लेकर जेल अधीक्षक को तलब किया

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के इस दावे के बाद उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाये गये कदमों के बारे में विस्तार से जानने के लिए तिहाड़ जेल के अधीक्षक को तलब किया है कि उसे सुरक्षा प्रदान करने के पिछले अदालती आदेश के बावजूद उसे सहकैदियों से धमकियां मिल रही हैं।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने समन जारी कर जेल प्रशासन से उसके दो नवंबर के आदेश पर अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।

अदालत ने दो नवंबर को जेल प्रशासन को पूनावाला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया था।

इससे पहले पूनावाला ने दावा किया था कि सहकैदियों ने कई बार उसे जुगाड़ से बनाए गए हथियारों से चेहरा काटने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।

अदालत ने चार नवंबर के अपने एक आदेश में जेल अधीक्षक को छह नवंबर को अनुपालन रिपोर्ट के साथ पेश होने का निर्देश दिया। उस दिन पूनावाला को भी वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

सुनवाई के दौरान, पूनावाला के वकील अक्षय भंडारी ने अदालत से कहा कि विचाराधीन कैदी पूनावाला को अब भी अन्य बंदियों से धमकियां मिल रही हैं और अदालत के निर्देशों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

आरोपी ने दो नवंबर को अदालत से कहा था कि कुछ कैदी उसे लगभग 10 दिनों से धमकी दे रहे हैं। उसने तिहाड़ जेल की जेल नंबर चार ए के अंदर अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी।

जेल नंबर चार ए एक विशेष कोठरी है और इसका उपयोग सजा देने वाले वार्ड के रूप में भी किया जाता है।

अदालत ने तब कहा था कि जरूरत पड़ने पर पूनावाला को खतरनाक कैदियों से दूर किसी अलग वार्ड या सेल में रखा जा सकता है।

अदालत ने जेल अधीक्षक को इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश भी दिया था।

न्यायाधीश ने कहा था कि विचाराधीन कैदी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार के तहत उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य का कर्तव्य है।

यह ताजा आदेश 2022 के एक हत्याकांड के सिलसिले में अभियोजन पक्ष द्वारा सबूत दर्ज किए जाने के दौरान दिया गया।

अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष को 17 नवंबर से कम से कम दो गवाहों की गवाही (परीक्षण) के लिए तैयारी करने का निर्देश भी दिया।

पूनावाला पर अपनी सह-जीवन साथी श्रद्धा वालकर का गला घोंटकर हत्या करने, उसके शव के टुकड़े करने, उन्हें एक रेफ्रिजरेटर में रखने और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर फेंकने का आरोप है।

उसे 12 नवंबर, 2022 को इस हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। यह हत्या कथित तौर पर महरौली में किराए के एक फ्लैट में की गयी थी।

भाषा राजकुमार माधव

माधव