नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली के अलीपुर में नीरज बावना-नवीन उर्फ बाली गिरोह के दो कथित सदस्यों को पांच अवैध आग्नेयास्त्रों और 13 कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ऐसी सूचना मिली थी कि ये लोग कोई गंभीर अपराध करने के इरादे से दो नवंबर को अलीपुर से गुजरेंगे , जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर दोनों के पास से दो स्वचालिक पिस्तौल, तीन देसी पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद किये गये।
पुलिस के अनुसार दोनों की पहचान कपिल ठाकरान एवं अरुण उर्फ बॉबी (19) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान, दोनों ने नीरज बवाना-नवीन उर्फ बाली गिरोह से अपना संबंध होने का खुलासा किया।
जांच-पड़ताल से पता चला कि अरुण पहले हरियाणा में हथियार कानून के तहत दर्ज एक मामले में शामिल था।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश