Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

मप्र में 6,000 करोड़ रुपये से जल विद्युत संयंत्र तैयार, अगले साल शुरू होगा उत्पादन : मुख्यमंत्री

इंदौर, पांच नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि नीमच जिले में एक निजी कंपनी का जल विद्युत संयंत्र 6,000 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो गया है और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इसके जरिये अगले साल मार्च से बिजली उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।

यादव ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया,‘‘इस संयंत्र की एक टर्बाइन दिसंबर से शुरू होगी। इसके बाद 2,000 मेगावाट क्षमता का यह संयंत्र अगले साल मार्च तक शुरू होगा।’’

यादव ने कहा कि एशिया में अपनी तरह की सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल यह संयंत्र मध्यप्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाएगा और इससे सूबे को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नयी पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम से मनाएगी और देशी नस्लों की दुधारू गायों की प्रतियोगिता के विजेता पशुपालकों को नकद पुरस्कार प्रदान करेगी।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री यादव ने शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय ‘डेली कॉलेज’ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारियों से मुलाकात की।

हालांकि, करीब एक घंटे की इस मुलाकात का कोई भी ब्योरा प्रदेश सरकार या संघ की ओर से जारी नहीं किया गया।

‘डेली कॉलेज’ में दो से चार नवंबर तक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में भागवत समेत संघ परिवार के करीब 400 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र