जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में बृहस्पतिवार को सरपंच के 3,716 व वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए मतदान के दौरान सीकर, झुंझुनूं, जालोर, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में हंगामे, मारपीट और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार, सीकर जिले की भोज्या की ढाणी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के प्रत्याशी अरुण पारीक के साथ मारपीट हुई।
पारीक ने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी किशोर कुमार कुमावत और उसके करीब 50 समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की।
पारीक का अस्पताल में उपचार जारी है।
वहीं, झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र के देलसर गांव में बुधवार रात सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई।
नवलगढ़ के थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि इस घटना में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जालोर जिले में चितलवाना के थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ दिया।
इसी तरह, चित्तौड़गढ़ जिले की भूपालसागर ग्राम पंचायत में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ।
स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को मौके से हटाया।
हनुमानगढ़ जिले की नोहर पंचायत समिति की रतनपुर ग्राम पंचायत में भी सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई।
इस बीच, दौसा जिले के सैंथल में मतदान केंद्र पर एक अनोखा मामला सामने आया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर 28 वर्षीय नसीबन खां ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) नरेश विजय ने बताया कि नसीबन खां की लंबाई एक फुट है। वहीं, चूरू जिले की राजगढ़ पंचायत समिति की लुदी झाबर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान नहीं हुआ।
इस पद के लिए केवल एक नामांकन दाखिल किया गया था, लेकिन जांच के दौरान प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया।
उम्मीदवार न होने की स्थिति में सरपंच पद के लिए चुनाव नहीं कराया गया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र