कौशांबी, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे बृहस्पतिवार को 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस शव के शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सिराथू) सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि अझुवा कस्बे में बीएसएनएल टावर के पास ग्रामीणों ने राजमार्ग किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र