दुबई, पांच नवंबर (भाषा) भारत की दीप्ति शर्मा को बृहस्पतिवार को आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में शामिल छह खिलाड़ियों में जगह मिली।
दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी महिला चैंपियनशिप शृंखला के एकमात्र मैच में नाबाद 106 रन बनाने के अलावा पांच विकेट भी चटकाए।
भारत ने 50 ओवर की शृंखला में 3-0 से जिम्बाब्वे का क्लीनस्वीप किया था।
एकदिवसीय शृंखला से पहले हुई तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की शृंखला में दीप्ति में सिर्फ एक बार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंद में 49 रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी चटकाए।
सूची में जगह बनाने वाले अन्य खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, पाकिस्तान के अराफात मन्हास, वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप, ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड और बांग्लादेश की शोभना मोस्तरी शामिल हैं।
यानसन उपरोक्त समय के दौरान आईसीसी की पुरुषों की खिलाड़ी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों और ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर रहे।
अराफात को पाकिस्तान में हुई त्रिकोणीय शृंखला में सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था जबकि होप ने सीमित ओवरों के प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन की बदौलत सूची में जगह बनाई।
पुरुष और महिला दोनों वर्ग में तीन-तीन खिलाड़ियों को नामित किया जाता है जिन्हें कैलेंडर माह के पहले और आखिरी दिन के प्रदर्शन के आधार पर चुना जाता है।
नामित किए गए खिलाड़ियों के लिए अब आईसीसी की स्वतंत्र वोटिंग अकादमी और दुनिया भर के प्रशंसक वोट करेंगे।
आईसीसी वोटिंग अकादमी में क्रिकेट जगत के जाने-माने लोग शामिल होते हैं जिसमें पत्रकार, पूर्व खिलाड़ी, प्रसारणकर्ता और आईसीसी हॉल ऑफ फेम के सदस्य भी शामिल हैं।
विजेताओं की घोषणा महीने के दूसरे हफ्ते में की जाती है।
भाषा सुधीर मोना
मोना