कन्नौज, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर स्थित सरकारी आवास में पति-पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई जबकि उनकी 18 महीने की बेटी घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि संजय कुमार कछेरिया उर्फ नन्हे लल्ला (30) और उनकी पत्नी सुधा कछेरिया (26) के शव बृहस्पतिवार सुबह उनके घर में खून से लथपथ मिले।
पुलिस को आशंका है कि वारदात बुधवार रात को हुई।
दंपति की बेटी तान्या को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना का पता पूर्वाह्न करीब 10 बजे चला, जब घर किसी प्रकार की हलचल न होने पर लोग अंदर देखने पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, दंपति का आठ वर्षीय बेटा कृत्यांश अपने चाचा के साथ अशोक नगर में रह रहा था। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच के आदेश दिए।
उन्होंने बताया कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला यह परिवार रेलवे रोड स्थित पुराने पीएचसी परिसर के सरकारी आवास में रहता था।
अधिकारी ने बताया कि संजय की मां स्वास्थ्य केंद्र में दाई के तौर पर काम करती थीं, जिसके कारण परिवार को वहां आवास मिला था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घर में आने-जाने के लिए दो दरवाजे थे, इनमें से एक दरवाजा बंद था जबकि दूसरे में अंदर से कुंडी लगी हुई थी।
उन्होंने बताया कि ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या कोई बाहरी व्यक्ति घर में दाखिल हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि सुबह जब घर नहीं खुला, तो छत से देखने पर अंदर शव दिखाई दिए।
उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को तैनात किया गया है तथा परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र