Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

कांग्रेस भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति और कठपुतली सरकार चाहती है: मंत्री नित्यानंद राय

सूरत, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह चुनाव में हार के डर से भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है और ‘‘विदेशी आकाओं’’ के इशारे पर काम कर रही है।

भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) का विरोध करके 13 करोड़ फर्जी मतदाताओं को बचाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि कांग्रेस अपने विदेशी आकाओं के इशारे पर काम कर रही है। वह भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है, ताकि एक ऐसी कठपुतली सरकार बनाई जा सके जो दूसरों के इशारों पर चले।’’

राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर गलतफहमियां फैला रहा है क्योंकि उसे आगामी चुनावों में अपनी हार का डर है।

मंत्री ने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों से करीब 13 करोड़ नाम हटाए गए। इनमें 6.3 करोड़ ऐसे मतदाता शामिल थे जो दूसरी जगह चले गए थे, तीन करोड़ अनुपस्थित थे, 2.8 करोड़ की मृत्यु हो चुकी थी और एक करोड़ नाम दोहराए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब इन मतदाताओं को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मतदाता सूचियों में ऐसे नाम होने पर कराए गए चुनाव लोकतांत्रिक शुचिता बनाए रख सकते हैं?

राय ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में ‘‘विदेशी घुसपैठियों’’ के नाम भी शामिल थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों, जिनमें समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं, एसआईआर का विरोध करने के बहाने लोकतंत्र को कमजोर करने और देश को बदनाम करने के लिए ‘‘अराजकता’’ फैला रहे हैं।

राय ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी का मतदान का अधिकार छीनना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल हों।

उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकारों की रक्षा के नाम पर ‘‘घुसपैठियों का समर्थन’’ करके कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी ‘‘पाप’’ कर रहे हैं।

राय ने कहा, ‘‘अगर किसी घुसपैठिये का नाम मतदाता सूची में रहता है तो इससे भारत के युवाओं के अधिकार छिनते हैं और उनके रोजगार तथा देश की अर्थव्यवस्था में उनका हिस्सा कम होता है।’’ उन्होंने कहा कि अवैध विदेशी नागरिक अब देश में स्वीकार्य नहीं होंगे।

मंत्री ने विपक्ष पर भारत की सैन्य क्षमताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर बार-बार सवाल उठाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राय ने कहा कि जिस पार्टी ने आपातकाल लगाया था, वही अब लोकतंत्र और संविधान को लेकर चिंता जता रही है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल तभी उठाती है, जब वह चुनाव हारती है।

राय ने दावा किया कि 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस 56 विधानसभा चुनावों में हार चुकी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया, गरीबों को करोड़ों घर और शौचालय उपलब्ध कराए गए तथा उन्हें मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश