Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दिल्ली : जनकपुरी में बीमा के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 43 गिरफ्तार

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बीमा के नाम पर कथित तौर पर ठगी करने वाले एक कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 32 महिलाओं समेत 43 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्षवर्धन स्वामी ने बताया कि बुधवार रात छापेमारी के दौरान इस कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर 32 महिलाओं और 11 पुरुषों समेत कुल 43 लोग काम करते हुए मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बीमा कंपनियों के पास उपलब्ध लोगों की व्यक्तिगत जानकारी रखने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ संभावित ग्राहकों को भी निशाना बनाते थे। वे उन्हें फोन कर बीमा पॉलिसी बेचने की पेशकश करते थे।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी संभावित ग्राहकों को पॉलिसी खरीदने के लिए प्रलोभन देते थे और इस प्रक्रिया में उनके 'नो योर कस्टमर' (केवाईसी) संबंधी दस्तावेज एवं जानकारियां हासिल कर लेते थे। आरोप है कि बाद में इन जानकारियों का इस्तेमाल लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए किया जाता था।

स्वामी ने बताया कि पुलिस ने मौके से 43 मोबाइल फोन, लैपटॉप और कथित ठगी के कामकाज से संबंधित कई डेटा शीट जब्त की हैं। बड़ी मात्रा में डिजिटल डेटा भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पूरे गिरोह के कथित सरगना की पहचान फरीदाबाद निवासी विशाल कपूर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान

मनीषा

मनीषा