तिरुवनंतपुरम, पांच नवंबर (भाषा) ‘स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर भाजपा के नाम के उल्लेख को लेकर केरलम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिकायत की है और आरोप लगाया है कि यह एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से अपेक्षित राजनीतिक तटस्थता का उल्लंघन है।
एसएफआई विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजी एक ईमेल में एसएफआई के तिरुवनंतपुरम जिला सचिव नंदन एम ए ने कहा कि एक वर्तमान राज्यपाल के सोशल मीडिया अकाउंट पर किसी राजनीतिक दल के नाम का इस्तेमाल, निष्पक्षता और तटस्थता के संवैधानिक सिद्धांतों के विरुद्ध है।
शिकायत में बताया गया है कि माथुर के इंस्टाग्राम हैंडल का नाम 'ओममाथुरबीजेपी' है। इसमें कहा गया है कि किसी राजनीतिक दल के साथ इस तरह का जुड़ाव संवैधानिक संस्थाओं में जनता के भरोसे पर बुरा असर डाल सकता है।
एसएफआई ने कहा है कि राज्यपाल से यह अपेक्षा की जाती है कि वह संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करें, न कि किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में।
भाजपा के साथ माथुर के पुराने जुड़ाव और पार्टी के विभिन्न पदों पर उनके काम करने का हवाला देते हुए एसएफआई ने राज्यपाल पद की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की है।
लोक भवन की ओर से अभी तक इस शिकायत पर कोई जवाब नहीं आया है।
माथुर ने 23 अक्टूबर को केरलम के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली । उन्होंने राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की जगह ली है, जिन्हें अब तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश