भुवनेश्वर, पांच नवंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद तीन दक्षिणी जिलों में आई बाढ़ के असर को देखते हुए, केंद्रीय सहायता के रूप में 2,526 करोड़ रुपये की मांग की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य सरकार ने राज्य में चक्रवातों और बाढ़ के असर को कम करने और इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए 10,000 करोड़ रुपये की विशेष सहायता की मांग की है। यह जानकारी विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी. पाटिल ने पत्रकारों को दी। उन्होंने यह बात केंद्रीय टीम के साथ बैठक के बाद कही, जो राज्य के गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने आई थी।
पाटिल ने कहा कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सिंचाई सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष अनुदान की आवश्यकता है।
मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में, राज्य सरकार ने केंद्रीय टीम को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की गई। इस बैठक में गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव रवि शंकर के नेतृत्व वाली आठ सदस्यीय अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम भी शामिल थी।
अपनी यात्रा के दौरान टीम ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी से भी मुलाकात की।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश