नयी दिल्ली/बेंगलुरु, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे द्वारा उन पर की गई ‘‘गंवार’’ टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी किसानों और गांवों में रहने वाले लोगों का अपमान करने के समान है।
खरगे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि यह मामला व्यक्तिगत रूप से उनके बारे में नहीं है, बल्कि कांग्रेस नेता द्वारा इस शब्द का इस्तेमाल किए जाने के तरीके से जुड़ा है, जिससे किसानों के ‘‘गंवार’’ होने का बोध होता है।
जनता दल (सेक्युलर) के दूसरे वरिष्ठ नेता एच डी कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि इस शब्द से उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन कांग्रेस गवांर शब्द का इस्तेमाल कर किसानों का अपमान कर रही है।
उन्होंने कहा कि खेती कर देश को भोजन उपलब्ध कराने वाले किसान सम्मान के हकदार हैं। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता की टिप्पणी किसानों के प्रति पार्टी की सोच को दर्शाती है।
उन्होंने आरोप लगाया, 'वे (कांग्रेस नेता) सोचते हैं कि देश को भोजन उपलब्ध कराने के लिए अपनी जमीन पर खेती करने वाले सभी ग्रामीण लोग 'गंवार' हैं।'
कुमारस्वामी ने इस टिप्पणी को लेकर कहा, ''कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अब देश के किसानों को जवाब देना चाहिए। उन्होंने किसानों को कितना सम्मान दिया है?''
प्रियंक खरगे, कांग्रेस प्रमुख के बेटे हैं।
इस बीच, जनता दल (सेक्युलर) ने 'हां, मैं गंवार हूं, इसमें बड़ी बात क्या है' शीर्षक से एक अभियान भी शुरू किया, जिसमें पार्टी के सभी विधायकों ने हिस्सा लिया।
प्रियंक खरगे ने केंद्रीय मंत्री द्वारा उनके गृह विभाग संभालने के तरीके की आलोचना किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को कुमारस्वामी को 'गंवार ' करार दिया, जो रोजाना आरोप लगाते रहते हैं।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश