लखनऊ, पांच नवंबर (भाषा) कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने बृहस्पतिवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की ‘उत्तर प्रदेश के मुसलमानों को अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करनी चाहिए’ टिप्पणी पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी।
ओवैसी ने अमेरिका में मिशिगन सीनेट चुनाव में अब्दुल अल-सैयद की जीत का हवाला देते हुए उक्त टिप्पणी की।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि विदेशों में भारतीयों की जीत, चाहे उनके नाम हों या धार्मिक पहचान, गर्व का विषय मानी जानी चाहिए।
राजपूत ने कहा, ‘‘चाहे विदेश में अब्दुल जीते या श्री राम नेने जीते, वे भारतीय हैं। इस तरह की भाषा राजनीतिक तंज के लिए इस्तेमाल की जा सकती है, लेकिन दुनिया के बाकी हिस्सों की स्थिति अलग है। भारत में मुसलमान कांग्रेस, ‘इंडिया’ गठबंधन और देश के संविधान तथा लोकतंत्र के तहत पूरी तरह सुरक्षित हैं।’’
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में मिशिगन में हुई जीत का स्वागत किया, हालांकि कहा कि ओवैसी ने यह नहीं बताया कि अल-सैयद मिस्र मूल के प्रवासी हैं।
वर्मा ने कहा, ‘‘अल-सैयद ने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की। डेमोक्रेट सांप्रदायिक या कट्टर दक्षिणपंथी नहीं हैं, उनकी जीत यह दिखाती है कि वैश्विक राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ रही है।’’
उन्होंने कहा कि दुनिया भर के लोग, और भारत के लोग भी, सांप्रदायिक माहौल एवं अनिश्चितता से दूर जाना चाहते हैं।
वर्मा ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन भी इसी तरह के लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों पर काम करता है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस रुझान का भारतीय राजनीति पर व्यापक असर पड़ेगा।
हाल के हफ्तों में उत्तर प्रदेश में कई जनसभाओं को संबोधित करने वाले ओवैसी ने ने बुधवार को मिशिगन सीनेट चुनाव में अल-सैयद की जीत का जिक्र करते हुए पत्रकारों से कहा था कि ‘उत्तर प्रदेश का अब्दुल’ अब किसी के सामने नहीं झुकेगा, बल्कि एक राजनीतिक नेता के रूप में उभरेगा।
भाषा जफर मनीषा शफीक
शफीक