Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

कर्नाटक में बस किराया बढ़ाए जाने के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने की मांग

बेंगलुरु, पांच नवंबर (भाषा) कर्नाटक में बस का किराया बढ़ाए जाने को लेकर विपक्षी भाजपा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और किराया वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।

विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने केम्पेगौड़ा (मैजेस्टिक) बस अड्डे पर तख्तियां लेकर और डी के शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवादी नारायणस्वामी, विधानसभा में विपक्ष के उपनेता अरविंद बेल्लाड, बेंगलुरु मध्य के सांसद पी सी मोहन तथा पार्टी के कई विधायक और नेता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी के दो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शिवकुमार और परिवहन मंत्री बैराथी सुरेश के मुखौटे पहने और हाथों में भीख मांगने वाले कटोरे लिए नजर आए।

अशोक और अन्य नेताओं ने किराया वृद्धि से प्रभावित यात्रियों को गुलाब के फूल बांटे।

अशोक ने शिवकुमार के इस्तीफे की भी मांग की और उन पर परिवहन विभाग का प्रबंधन करने तथा सरकार चलाने में ‘‘विफल’’ रहने का आरोप लगाया।

मंत्री सुरेश ने बुधवार को राज्य के चार सरकारी परिवहन निगमों की बसों का किराया बढ़ाने की घोषणा की। इसके तहत कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) के किराये में औसतन 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जबकि बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) की बसों का किराया 33 से 35 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है।

भाजपा बस किराया वृद्धि के विरोध में राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी इसी तरह के प्रदर्शन कर रही है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा