कोलकाता, पांच नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच में बृहस्पतिवार को यहां ईडन गार्डन्स में बंगाल को 10 विकेट से हराकर बोनस अंक सहित सात अंक हासिल किए।
महाराष्ट्र ने सचिन धास (नाबाद 61) और कप्तान पृथ्वी साव (नाबाद 53) के अर्धशतक से 19.4 ओवर में ही बिना विकेट खोए 114 रन बनाकर 112 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। पृथ्वी ने 50 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे जबकि सचिन की 68 गेंद की पारी में 10 चौके शामिल रहे।
इस जीत से महाराष्ट्र के कुल 19 अंक हो गए हैं और वह बंगाल को पछाड़कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। बंगाल 18 अंक के साथ दूसरे पायदान पर है।
इससे पहले बंगाल की टीम दूसरी पारी में चार विकेट पर 76 रन से आगे खेलने उतरी और उसने 186 रन बनाए।
अभिषेक पोरेल (65) और सुमंत गुप्ता (59) ने सातवें विकेट के लिए 64 रन जोड़कर बंगाल की मैच ड्रॉ कराने की उम्मीद जगाई लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर हितेश वालनज ने पोरेल को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया जिसके बाद मेजबान टीम की पारी को सिमटने में अधिक समय नहीं लगा।
महाराष्ट्र की ओर से प्रदीप दाधे ने 48 जबकि हितेश ने 53 रन देकर चार-चार विकेट चटकाए। तनय सांघवी ने 59 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
बंगाल की टीम पहली पारी में 143 रन पर सिमट गई थी जिसके जवाब में महाराष्ट्र ने 218 रन बनाए थे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता