Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

गेंदबाजी की लेंथ में बदलाव करने का फायद मिला: बराड़

ऑकलैंड, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में अपने पहले ओवर में छक्का खाने के बाद गेंदबाजी की लेंथ में बदलाव करना उनके लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ।

ईडन पार्क में कप्तान शुभमन गिल ने 13वें ओवर में बराड़ को गेंदबाजी की जिम्मेदारी सौंपी लेकिन लंबे कद के इस तेज गेंदबाज ने अपने पहले ओवर में 13 रन दे दिए, जिसमें टिम सीफर्ट का लगाया गया एक छक्का भी शामिल था।

छह फुट पांच इंच लंबे बराड़ ने जल्द ही अपनी गेंदबाजी की लेंथ में बदलाव किया और 15वें ओवर में ऑफ स्टंप के बाहर एक तेज और उछाल भरी गेंद डालकर सीफर्ट को आउट कर अपना हिसाब बराबर कर लिया।

सीफर्ट गेंद को सही ढंग से नहीं खेल सके और बल्ले का बाहरी किनारा लगने के बाद गेंद मिड-ऑन पर तैनात स्थानापन्न खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में चली गई।

बराड़ ने बीसीसीआई टीवी से बातचीत में कहा, ‘‘मेरे पहले ओवर में जो छक्का लगा था, वह थोड़ी आगे की लेंथ की गेंद पर लगा था। इसलिए मैंने सोचा कि गेंद की लेंथ थोड़ी पीछे रखनी चाहिए, ताकि बल्लेबाज के लिए स्क्वायर लेग या फाइन लेग के ऊपर से छक्का लगाना मुश्किल हो जाए।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैंने इस बारे में अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज से भी चर्चा की, जिन्होंने इस मैदान पर गेंदबाजी की थी। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर मैं गेंद को हार्ड लेंथ (पिच पर कुछ छोटी और तेजी से उछाल लेने वाली लेंथ) पर डालूं तो अपने लंबे कद के कारण मुझे बेहतर उछाल मिल सकता है।’’

बराड़ ने इसके बाद टॉम लैथम और ब्लेयर टिकनर के विकेट भी हासिल किए और न्यूजीलैंड की टीम को दबाव में बनाए रखा।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां गेंदबाजी के लिए माहौल बहुत अच्छा है। पिच भी काफी अच्छी हैं। हमने चार-पांच दिन पहले यहां अभ्यास किया था, हमें पिच के बारे में पता था । मैंने अपनी गेंदबाजी की मजबूत पक्ष और शैली पर भरोसा किया और उसका नतीजा सबके सामने है।’’

इस मुकाबले में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार 74 रन बनाए। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

भाषा आनन्द आनन्द नमिता

नमिता