Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

फेयरफैक्स ने आईआईएफएल कैपिटल में 2,000 करोड़ रुपये में 11.22 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन ने अपनी अनुषंगी कंपनी एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड (एफआईएचएम) के जरिये आईआईएफएल कैपिटल में 11.22 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी 2,000 करोड़ रुपये में खरीदी है।

आईआईएफएल कैपिटल ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने चार नवंबर, 2026 को एफआईएचएम को 350 रुपये प्रति शेयर की दर से 5,71,42,857 शेयर आवंटित किए। इनका कुल मूल्य 2,000 करोड़ रुपये है।

इस तरजीही आवंटन के बाद आईआईएफएल कैपिटल में फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन की हिस्सेदारी 26.82 प्रतिशत से बढ़कर 38.04 प्रतिशत हो गई है।

कंपनी ने कहा, ‘‘सेबी (शेयर का पर्याप्त अधिग्रहण एवं अधिग्रहण) नियमन के विनियम 22(2ए) के तहत इस तरजीही निर्गम के अंतर्गत आवंटित किए गए शेयरों पर खुली पेशकश पूरी होने तक कोई मतदान अधिकार नहीं होगा। इन शेयर को सेबी के नियमों के अनुसार अलग शेयर एस्क्रो खाते (यानी डीमैट एस्क्रो) में रखा जाएगा।’’

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने सितंबर में आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज में अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

एफआईएचएम मॉरीशस स्थित एक निजी कंपनी है, जो निवेश होल्डिंग के कारोबार में है। इसका ध्यान भारत में इक्विटी और ऋण प्रतिभूतियों में निवेश के जरिये लंबी अवधि में पूंजी का मूल्य बढ़ाने और उसे सुरक्षित रखने पर है। इसके पास वैश्विक कारोबार का लाइसेंस है और यह कोई अन्य कारोबारी गतिविधि नहीं करती है।

एफआईएचएम का पूर्ण स्वामित्व फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन के पास है। यह टोरंटो में सूचीबद्ध कंपनी है और इसकी अंतिम मूल कंपनी कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड है। यह कंपनी भारत सहित कई देशों में संपत्ति एवं दुर्घटना बीमा, पुनर्बीमा और निवेश प्रबंधन के कारोबार में है।

सरकार ने 14 अक्टूबर को आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये (5.5 अरब अमेरिकी डॉलर) में फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने की मंजूरी दी थी। यह किसी भारतीय बैंक में सबसे बड़ा विदेशी निवेश और देश में लंबे समय से लंबित बैंकिंग निजीकरण अभियान का एक प्रमुख पड़ाव साबित होगा।

भाषा निहारिका अजय

अजय