Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दीपावली से पहले मप्र में दो लाख से अधिक सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

भोपाल, पांच नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में दीपावली से पहले दो लाख से अधिक सफाई कर्मचारी ठेका व बाहरी एजेंसियों के माध्यम से नियुक्ति की व्यवस्था समाप्त करने तथा पक्की नौकरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

हड़ताल के कारण भोपाल सहित राज्य के कई शहरों में पिछले दो दिन से घरों और कचरा संग्रहण केंद्रों से कचरा उठाने का काम प्रभावित है। दीपावली के मद्देनजर विभिन्न बाजारों में व्यापारियों ने निजी कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराई।

मध्यप्रदेश अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष मगन झांझोट ने बृहस्पतिवार को फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि हड़ताल समाप्त कराने के लिए बुधवार को नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के साथ हुई बातचीत बेनतीजा रही।

उन्होंने कहा कि अब संगठन अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात करेगा, ताकि गतिरोध समाप्त किया जा सके।

झांझोट ने दावा किया कि प्रदेश के नगर निकायों में करीब 2.5 लाख सफाईकर्मियों ने काम बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही हड़ताल समाप्त की जाएगी।

इस संबंध में प्रतिक्रिया के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे और भोपाल नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार से संपर्क नहीं हो सका।

भोपाल में प्रतिदिन करीब 850 टन कचरा निकलता है। राजधानी में घर-घर से कचरा एकत्र करने के लिए 400 से अधिक वाहन तैनात हैं।

शहर के 17 कचरा संग्रहण केंद्रों पर कचरा एकत्र किया जाता है जहां इसे बड़े टैंकरों के जरिए आदमपुर छावनी स्थित कचरा निस्तारण केंद्र तक पहुंचाया जाता है।

हड़ताल के कारण घरों से कचरा उठाने के साथ ही उसे निस्तारण केंद्रों तक पहुंचाने का काम भी प्रभावित हुआ है।

भाषा दिमो

मनीषा खारी

खारी